नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के नेता सदन जयभगवान यादव ने गुरुवार को सिटी एसपी ज़ोन के अंतर्गत चांदनी चौक वार्ड-74 का व्यापक निरीक्षण कर अधिकारियों को अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान स्थानीय पार्षद सुमन गुप्ता तथा निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान दिल्ली गेट क्षेत्र में सड़कों और फुटपाथों पर फैले अतिक्रमण को लेकर नेता सदन ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को रेहड़ी-पटरी और दुकानों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध पार्किंग पर रोक लगाकर नागरिकों के लिए बेहतर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
जयभगवान यादव ने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने, निगम शौचालयों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा सड़कों और फुटपाथों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवैध चार्जिंग प्वाइंट हटाने, फुटपाथों के बीच लगे बोरवेल पाइप निकालने और नीचे लटक रहे बिजली के तारों को व्यवस्थित करने के आदेश दिए। इसके अलावा सड़क किनारे पेड़ों की नियमित छंटाई कराने पर भी जोर दिया।
राम बाजार क्षेत्र में खुले यूरिनल की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए। वहीं क्षतिग्रस्त फुटपाथों और टूटी टाइलों की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
फतेहपुरी क्षेत्र में निगम पार्किंग परिसर और उसके आसपास अवैध कब्जों तथा पार्किंग के बाहर खड़े वाहनों की समस्या पर भी नेता सदन ने संज्ञान लिया। उन्होंने सभी निगम पार्किंग स्थलों पर पार्किंग शुल्क सूची प्रदर्शित करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बाग दीवार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने, जर्जर ढालाव घर के पुनर्निर्माण और संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश देते हुए जयभगवान यादव ने मार्केट के पुनर्विकास के लिए बहुमंजिला वाणिज्यिक परिसर विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार करने को कहा। उन्होंने खाली पड़ी भूमि का उपयोग पार्किंग एवं अन्य जनोपयोगी सुविधाओं के विकास के लिए करने का सुझाव दिया।
इस अवसर पर जयभगवान यादव ने कहा कि चांदनी चौक की स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण मुक्त सार्वजनिक स्थल और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना दिल्ली नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
