नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के हरि नगर साइबर थाने में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की बड़ी कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। कथित रिश्वतखोरी के एक मामले में CBI ने थाने में छापेमारी कर एक सब-इंस्पेक्टर (SI) को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक हेड कॉन्स्टेबल को भी जांच के दायरे में लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, CBI को रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी, जिसके बाद एजेंसी ने सुनियोजित ट्रैप बिछाकर कार्रवाई को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिसकर्मी को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। मामले में हेड कॉन्स्टेबल सत्यनारायण की भूमिका की भी जांच की जा रही है।देर शाम शुरू हुई कार्रवाई के दौरान CBI की 15 से 20 सदस्यीय टीम हरि नगर साइबर थाने में मौजूद रही। अधिकारियों ने थाने के रिकॉर्ड, दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच की। कई पुलिसकर्मियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है।
जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रिश्वतखोरी का यह मामला किसी एक अधिकारी तक सीमित है या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय था। सूत्रों का कहना है कि जांच के दायरे में अन्य पुलिसकर्मी भी आ सकते हैं।इस कार्रवाई के बाद दिल्ली पुलिस के भीतर हलचल तेज हो गई है। भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर एक बार फिर पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, मामले में CBI की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।
जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। CBI द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां या कार्रवाई हो सकती है।
