बेगमपुर वार्ड में चला विशेष स्वच्छता अभियान, स्वच्छता के प्रति लोगों को किया जागरूक

नई दिल्ली। बेगमपुर वार्ड-27 के अंतर्गत रजनी विहार क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में साफ-सफाई को बढ़ावा देना और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत’ संकल्प को आगे बढ़ाते हुए स्थानीय लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई। इस अवसर पर शहरी केंद्र प्रमुख सूरजकांत झा, मंडल अध्यक्ष नवीन शर्मा, महामंत्री राजेश ठाकुर सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में एमसीडी अधिकारियों के साथ मलेरिया विभाग, मेंटेनेंस विभाग एवं हॉर्टिकल्चर विभाग की टीमों ने भी भाग लिया। अधिकारियों ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, रखरखाव तथा पेड़ों की कटाई-छंटाई संबंधी कार्यों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाएं और अपने क्षेत्र को साफ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने में सक्रिय सहयोग दें। अभियान के दौरान स्थानीय निवासियों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

“स्वच्छ क्षेत्र, स्वस्थ नागरिक” के संदेश के साथ अभियान का समापन हुआ।