नई दिल्ली, 27 जुलाई। ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत रविवार को राष्ट्रपति के नाम साढ़े पांच लाख नागरिकों के हस्ताक्षरों से युक्त ज्ञापन मध्य दिल्ली के जिलाधिकारी कार्यालय (तालकटोरा स्टेडियम के निकट) में सौंपा गया। ज्ञापन में पूरे देश में गौ हत्या पर प्रभावी केंद्रीय कानून बनाने, गौमाता को ‘राष्ट्रमाता’ का सम्मान देने तथा गौ संरक्षण एवं संवर्धन के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई।
इस अवसर पर भाजपा दिल्ली के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर आदेश गुप्ता ने कहा कि गौमाता भारत की सनातन संस्कृति, आस्था, कृषि परंपरा और ग्राम्य जीवन की आत्मा हैं। उन्होंने कहा कि साढ़े पांच लाख नागरिकों के हस्ताक्षर इस बात का प्रमाण हैं कि गौ संरक्षण की मांग पूरे देश की जनभावना बन चुकी है। उन्होंने केंद्र सरकार से गौ हत्या पर प्रभावी केंद्रीय कानून बनाने और गौमाता को ‘राष्ट्रमाता’ का सम्मान प्रदान करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में संत-महात्माओं ने भी गौ संरक्षण को सामाजिक दायित्व बताते हुए इस जनजागरण अभियान को देशभर में आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस दौरान आचार्य मधुर दास महाराज, स्वामी ओम गिरी, भागवताचार्य सुरेश शास्त्री, तरुण शास्त्री, रविंद्र स्वामी, पंडित गोविंद शास्त्री सहित अनेक संत, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में गौभक्त मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन ‘जय गौ माता’ और ‘जय गोपाल’ के उद्घोष के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने गौ संरक्षण और गौ संवर्धन के जनजागरण अभियान को और अधिक व्यापक बनाने का संकल्प लिया।
