दिल्ली भाजपा का महा स्वच्छता अभियान: 256 मंडलों में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया श्रमदान

नई दिल्ली, 17 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली भाजपा ने बुधवार को राजधानी के सभी 256 संगठनात्मक मंडलों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के तहत बाजारों, मंदिर परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में संगठन महामंत्री पवन राणा, राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, सांसद, मंत्री, विधायक, पार्षद तथा पार्टी पदाधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।शाहदरा में अभियान की शुरुआत करते हुए हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली नगर निगम और निजी क्षेत्र के सफाई कर्मी सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कूड़ा इधर-उधर न फेंकने का संकल्प लें और स्वच्छ दिल्ली के निर्माण में योगदान दें। उन्होंने बताया कि “सेवा ही संगठन” कार्यक्रम के अंतर्गत पूरे दिल्ली में 3500 स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर परिसर में सफाई अभियान का नेतृत्व करते हुए पवन राणा ने कहा कि स्वच्छता केवल वातावरण को बेहतर नहीं बनाती, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने झंडेवालान मंदिर परिसर में श्रमदान करते हुए कहा कि जिस प्रकार लोग अपने घरों, मंदिरों और प्रतिष्ठानों को साफ रखते हैं, उसी भावना से सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ रखना चाहिए।

अभियान के दौरान दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता, सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेन्द्र चांदोलिया, कमलजीत सहरावत, दिल्ली सरकार के मंत्री पंकज सिंह, कपिल मिश्रा, मनजिंदर सिंह सिरसा, दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय तथा महापौर प्रवेश वाही सहित अनेक नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में सफाई अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रमों में भाग लिया।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली में मनोज तिवारी ने अशोक नगर मेन रोड पर स्वच्छता अभियान चलाते हुए कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से संचालित हो रहा है और इसे जन आंदोलन का रूप देना आवश्यक है।वहीं दक्षिण दिल्ली में सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कालकाजी क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाने के बाद वृक्षारोपण भी किया। महापौर प्रवेश वाही ने पश्चिमी दिल्ली के गुरु नानक नगर में स्वयं सफाई कार्य में हिस्सा लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि स्वच्छता एक सतत प्रक्रिया है और इसमें जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। पार्टी का उद्देश्य केवल सफाई अभियान चलाना नहीं, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति स्थायी जागरूकता पैदा करना है।