यमुना पार के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली को मिला नया आपदा प्रबंधन नेतृत्व, नीलम और बृजेश सिंह बने DDMA उपाध्यक्ष

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए दिल्ली नगर निगम के पार्षदों को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। दिल्ली गजट में प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार, पूर्वी जिला DDMA का उपाध्यक्ष पार्षद नीलम को तथा उत्तर-पूर्वी जिला DDMA का उपाध्यक्ष पार्षद बृजेश सिंह को नियुक्त किया गया है।

आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत की गई इन नियुक्तियों का उद्देश्य जिला स्तर पर आपदा प्रबंधन योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाना है।

मानसून के मद्देनजर दिल्ली में जलभराव, बाढ़ और अन्य संभावित आपदाओं से निपटने की तैयारियां तेज की जा रही हैं। ऐसे में DDMA में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से राहत एवं बचाव कार्यों को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद है।

सरकार की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। अब पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली में आपदा प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर नीलम और बृजेश सिंह महत्वपूर्ण भूमिका निभाते नजर आएंगे।