नई दिल्ली, 20 जून। ट्रांस यमुना विकास बोर्ड की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को दिल्ली सचिवालय में बोर्ड के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कृष्णानगर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कृष्णानगर के विधायक अनिल गोयल ने क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक बजट का प्रस्ताव रखा। बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी गई, जिससे क्षेत्र में कई विकास परियोजनाओं के जल्द शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
विधायक अनिल गोयल ने कहा कि कृष्णानगर विधानसभा के समग्र और चहुंमुखी विकास के लिए उनकी प्रतिबद्धता लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़कें, आधारभूत सुविधाएं और जनहित से जुड़े विकास कार्य उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि बजट मंजूर होने के बाद विभिन्न विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। विधायक ने ट्रांस यमुना विकास बोर्ड और अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार और बोर्ड के सहयोग से कृष्णानगर के विकास को नई गति मिलेगी।
बैठक में ट्रांस यमुना क्षेत्र के अन्य विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों को स्वीकृत परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
