सीलमपुर में 16 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या, इलाके में भारी रोष

नई दिल्ली, 25 जून। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में 16 वर्षीय किशोर लक्की की चाकू मारकर हत्या किए जाने से क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 9 बजे कुछ हमलावरों ने लक्की पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किशोर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सीलमपुर थाना पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। गम और गुस्से में डूबे परिवार ने कहा कि आरोपियों का “एनकाउंटर होना चाहिए” ताकि भविष्य में कोई ऐसी वारदात करने की हिम्मत न कर सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली में लगातार बढ़ रही हत्या और चाकूबाजी की घटनाओं ने लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। क्षेत्र के निवासियों ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

गौरतलब है कि जून महीने में ही उत्तर-पूर्वी जिले में हत्या की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पिछले वर्षों में भी सीलमपुर क्षेत्र में किशोरों की हत्या और चाकूबाजी के कई मामले सामने आए हैं, जिनसे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठते रहे हैं। 

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।