देश की 9 करोड़ आबादी वाले प्रजापति समाज ने राजनीतिक भागीदारी का बिगुल फूंका, 2027 चुनावों के लिए नेतृत्व तैयार करने का अभियान शुरू

नई दिल्ली, 29 जून। प्रजापति कम्युनिटी सर्विस फाउंडेशन (पीसीएसएफ) ने देश में प्रजापति/कुम्हार समाज के सामाजिक और राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सभी राजनीतिक दलों से समाज की जनसंख्या के अनुपात में चुनावी टिकट देने की मांग की है। फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेश प्रजापति ने कहा कि लगभग 9 करोड़ की आबादी वाला समाज आज भी राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मामले में अपेक्षित स्थान नहीं पा सका है, जिसे बदलने के लिए अब संगठित प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।

दिल्ली में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, दिल्ली और गोवा सहित विभिन्न राज्यों के करीब 55 राजनीतिक आकांक्षी युवाओं को सॉफ्ट स्किल डेवलपमेंट एवं नेतृत्व प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान वरिष्ठ राजनीतिक प्रतिनिधियों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था, जनसंपर्क, संगठन निर्माण और चुनावी रणनीति पर मार्गदर्शन दिया।

राजेश प्रजापति ने घोषणा की कि फाउंडेशन का लक्ष्य वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में विभिन्न राजनीतिक दलों से कम-से-कम 20 प्रजापति समाज के उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारना तथा वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए कम-से-कम 5 सक्षम उम्मीदवार तैयार करना है।

उन्होंने बताया कि इस उद्देश्य को लेकर भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को औपचारिक पत्र भेजे गए हैं। साथ ही प्रजापति समाज के राजनीतिक सशक्तिकरण को लेकर कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ भी कई दौर की बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में भी पीसीएसएफ लगातार उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। वर्ष 2024 से शुरू किए गए वित्तीय सहायता कार्यक्रम के तहत अब तक देश के 10 राज्यों के 50 मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की पूरी ट्यूशन फीस सीधे उनके शिक्षण संस्थानों में जमा कराई गई है। इनमें मेडिकल, इंजीनियरिंग, पैरामेडिकल, विधि, एमबीए, बी.एड., स्नातकोत्तर, पीएचडी सहित विभिन्न व्यावसायिक और उच्च शिक्षा पाठ्यक्रमों के छात्र शामिल हैं। फाउंडेशन ने भविष्य में 1,000 विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ देने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

18 अप्रैल 2024 को स्थापित प्रजापति कम्युनिटी सर्विस फाउंडेशन कंपनी अधिनियम की धारा-8 के अंतर्गत पंजीकृत गैर-लाभकारी संस्था है। संस्था को 80जी, 12ए, सीएसआर-1 और एलईआई प्रमाणपत्र प्राप्त हैं तथा यह शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक उत्थान और व्यावसायिक नेटवर्किंग के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।