पूर्वी दिल्ली।दिल्ली नगर निगम ने राजधानी को स्वच्छ और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए शाहदरा उत्तरी क्षेत्र में अतिरिक्त स्वच्छता संसाधनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल से क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को नई गति मिलेगी और कचरा संग्रहण प्रणाली पहले से अधिक प्रभावी एवं तेज होगी।

फ्लैग ऑफ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा मौजूद रहे। उनके साथ महापौर प्रवेश वाही, उपमहापौर मोनिका पंत, नगर निगम आयुक्त संजीव खिरवार तथा स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान कहा गया कि दिल्ली नगर निगम लगातार आधुनिक मशीनों और अतिरिक्त स्वच्छता संसाधनों को शामिल कर राजधानी की सफाई व्यवस्था को मजबूत बना रहा है। नए संसाधनों के संचालन से कचरा उठाने की क्षमता बढ़ेगी, सफाई कार्य में तेजी आएगी और नागरिकों को अधिक स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध होगा।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी का आंदोलन है। यदि नागरिक भी इसमें सक्रिय सहयोग करें तो दिल्ली को देश की सबसे स्वच्छ और सुंदर राजधानी बनाने का लक्ष्य जल्द हासिल किया जा सकता है।

शाहदरा उत्तरी क्षेत्र में शुरू की गई यह पहल निगम की स्वच्छता व्यवस्था को नई मजबूती देने के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों के लिए भी एक प्रेरणादायक मॉडल साबित होगी।
