पाकिस्तान में गुरुद्वारा तोड़े जाने पर हर्ष मल्होत्रा का हमला, बोले- पंजाब की AAP सरकार की चुप्पी निंदनीय
नई दिल्ली, 3 जुलाई। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने पाकिस्तान के फरूखाबाद में स्थित ऐतिहासिक श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारे को 24-25 जून की रात कथित रूप से तोड़े जाने की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह कोई अकेली घटना नहीं है, बल्कि पाकिस्तान में सिख, हिंदू और ईसाई जैसे अल्पसंख्यक समुदायों तथा उनके धार्मिक स्थलों पर हमले आम बात बन चुके हैं।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार देश में सिखों सहित सभी अल्पसंख्यक समुदायों को सुरक्षा और सम्मान का वातावरण देने के लिए लगातार कार्य कर रही है, जबकि पाकिस्तान की सरकार अल्पसंख्यकों को अतिवादियों के भरोसे छोड़ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान आज भी आतंकवाद की शरणस्थली बना हुआ है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि गुरुद्वारे को तोड़े जाने की घटना के एक सप्ताह बाद भी आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार की चुप्पी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को अपना स्पष्ट रुख सामने रखना चाहिए।
हर्ष मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि भगवंत मान स्वयं सिख मर्यादाओं के उल्लंघन के आरोपों का सामना कर चुके हैं और पाकिस्तान में गुरुद्वारे को तोड़े जाने की घटना पर उनकी तथा अरविंद केजरीवाल की चुप्पी सिख मर्यादा के प्रति उनकी संवेदनहीनता को दर्शाती है।
