मतदाता सूची में नाम की जांच करें, लोकतंत्र को मजबूत बनाएं : मनोज कुमार जैन

नई दिल्ली। दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (Special Intensive Revision – SIR 2026) के तहत मतदाता सूची का सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। निगम पार्षद (मनोनीत) मनोज कुमार जैन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांच लें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक मतदान अधिकार से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, दिल्ली द्वारा जारी वीडियो में सरल भाषा में बताया गया है कि नागरिक घर बैठे ECINET App या voters.eci.gov.in के माध्यम से अपनी मतदाता संबंधी जानकारी कैसे देख सकते हैं। वीडियो में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) की प्रक्रिया, पुरानी मतदाता सूची में नाम खोजने का तरीका, एन्यूमरेशन फॉर्म भरने के लिए आवश्यक विधानसभा क्षेत्र संख्या, पोलिंग स्टेशन/पार्ट नंबर एवं सीरियल नंबर प्राप्त करने की जानकारी दी गई है।

मनोज कुमार जैन ने बताया कि वीडियो में नए एवं युवा मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया भी समझाई गई है। साथ ही, यदि किसी व्यक्ति का नाम पुरानी मतदाता सूची में नहीं मिलता है, तो माता-पिता अथवा परिवार के अन्य सदस्यों की जानकारी के आधार पर आवश्यक विवरण प्राप्त करने का तरीका भी बताया गया है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज होगा। इसलिए सभी नागरिक स्वयं अपनी जानकारी का सत्यापन करें और अपने परिवार, मित्रों तथा पड़ोसियों को भी इस अभियान के प्रति जागरूक करें।