मेयर प्रवेश वाही ने नजफगढ़ ज़ोन को दी नई स्वच्छता सौगात, अतिरिक्त सफाई वाहनों को दिखाई हरी झंडी

नई दिल्ली। दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। महापौर प्रवेश वाही ने नजफगढ़ ज़ोन के स्वच्छता बेड़े में अतिरिक्त सफाई वाहनों को शामिल करते हुए उन्हें जनसेवा के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रवेश वाही अप्रैल 2026 में दिल्ली नगर निगम के महापौर निर्वाचित हुए थे। 

महापौर ने कहा कि इन नए वाहनों के संचालन से नजफगढ़ ज़ोन की सफाई व्यवस्था को और अधिक गति मिलेगी। कूड़ा उठाने, सड़कों की नियमित सफाई तथा स्वच्छता सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने में इन वाहनों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

इस अवसर पर कमलजीत सहरावत, सविता पवन शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम लगातार आधुनिक संसाधनों को बढ़ा रहा है। स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और आने वाले समय में भी नागरिकों को बेहतर नगर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।