70 साल पुराने लाजपत नगर कॉलोनी अस्पताल को मिली आधुनिक सुविधाओं की सौगात, मेयर प्रवेश वाही ने किया नए ब्लॉक और फिजियोथेरेपी सेंटर का लोकार्पण
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के मेयर प्रवेश वाही ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में लाजपत नगर कॉलोनी अस्पताल के नवनिर्मित अग्रिम ब्लॉक एवं अत्याधुनिक फिजियोथेरेपी सेंटर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर कहा गया कि यह पहल राजधानी के नागरिकों को बेहतर, आधुनिक और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि करीब 70 वर्षों से जनसेवा कर रहा लाजपत नगर कॉलोनी अस्पताल अब आधुनिक पॉलीक्लिनिक, उन्नत फिजियोथेरेपी सेंटर और नई चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित हो गया है। इससे मरीजों को एक ही स्थान पर बेहतर उपचार मिलेगा और बड़े सरकारी अस्पतालों पर बढ़ते दबाव को कम करने में भी सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, आधुनिक और प्रभावी बनाया जा रहा है। दिल्ली नगर निगम भी इसी दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है ताकि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत, विधायक तरविंदर सिंह मारवाह, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा, नेता सदन जय भगवान यादव, जोन चेयरमैन योगिता सिंह तथा पार्षद राजपाल सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम स्वस्थ, सशक्त और विकसित दिल्ली के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है तथा आने वाले समय में भी नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे विकास कार्य जारी रहेंगे।
