नई दिल्ली, 5 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली सह-प्रभारी एवं नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद डॉ. अल्का गुर्जर के सम्मान में दिल्ली भाजपा ओ.बी.सी. मोर्चा के पश्चिम दिल्ली संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने रविवार को भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया। डॉ. अल्का गुर्जर हाल ही में राजस्थान से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं।

समारोह में पश्चिम दिल्ली से सांसद कमलजीत सहरावत, विधायक संदीप सहरावत, दिल्ली भाजपा ओ.बी.सी. मोर्चा के अध्यक्ष सुनील यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।इस अवसर पर उपस्थित नेताओं ने डॉ. अल्का गुर्जर को राज्यसभा सदस्य चुने जाने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने संगठन को मजबूत करने और ओ.बी.सी. समाज के बीच भाजपा के जनाधार को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यकर्ताओं ने उनका पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।

डॉ. अल्का गुर्जर ने सम्मान के लिए सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान व्यक्तिगत नहीं, बल्कि भाजपा के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और संगठन के मार्गदर्शन में पार्टी जनसेवा के अपने संकल्प को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाती रहेगी।
