नई दिल्ली, 5 जुलाई। दिल्ली नगर निगम के भाजपा मनोनीत पार्षद मनोज जैन ने पुरानी दिल्ली की जर्जर सड़कों, बढ़ते अतिक्रमण और बदहाल यातायात व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी के विधायकों और पार्षदों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की लापरवाही के कारण राजधानी का सबसे महत्वपूर्ण व्यापारिक और ऐतिहासिक क्षेत्र बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है।
मनोज जैन ने कहा कि एस.पी. मुखर्जी मार्ग, खारी बावली, चावड़ी बाजार, सीताराम बाजार, श्रद्धानंद मार्ग, कुतुब रोड, सदर बाजार और पहाड़ी धीरज मार्ग जैसी प्रमुख सड़कें लंबे समय से टूटी हुई हैं। वहीं मुख्य मार्गों और फुटपाथों पर अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और बाहर से आने वाले लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चांदनी चौक, बल्लीमारान, मटिया महल और सदर बाजार विधानसभा क्षेत्रों के आम आदमी पार्टी के विधायक और अधिकांश पार्षद सड़क मरम्मत, अतिक्रमण हटाने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में पूरी तरह विफल रहे हैं। इसके चलते यातायात व्यवस्था चरमरा गई है और लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है।
भाजपा मनोनीत पार्षद ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मांग की कि वह स्वयं इन क्षेत्रों का औचक निरीक्षण करें और संबंधित विभागों को तत्काल सड़क मरम्मत, अतिक्रमण हटाने तथा यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश दें। उन्होंने कहा कि पुरानी दिल्ली की बदहाली केवल स्थानीय लोगों की समस्या नहीं, बल्कि राजधानी की छवि से जुड़ा गंभीर विषय है और इस पर बिना देरी किए प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए।
