नई दिल्ली, 6 जुलाई 2026। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन बाबू जगजीवन राम राष्ट्रीय फाउंडेशन (BJRNF) द्वारा बाबू जगजीवन राम की 40वीं पुण्यतिथि के अवसर पर दिल्ली गेट स्थित समता स्थल पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इसके बाद नई दिल्ली स्थित 6, कृष्ण मेनन मार्ग पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित हुई।

इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, राज्य मंत्री बी. एल. वर्मा, मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत, मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों तथा फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बाबू जगजीवन राम को पुष्पांजलि अर्पित की। समारोह में सांसदों, गणमान्य नागरिकों और बाबू जगजीवन राम के अनुयायियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
बाबू जगजीवन राम देश के प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी, दूरदर्शी राजनेता और सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन वंचित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान, समानता और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए समर्पित किया।करीब 35 वर्षों तक केंद्रीय मंत्रिमंडल में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हुए उन्होंने देश के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया। खाद्य एवं कृषि मंत्री के रूप में उन्होंने हरित क्रांति को गति देने और देश की खाद्य सुरक्षा को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान रक्षा मंत्री के रूप में उनके नेतृत्व ने भारत की ऐतिहासिक विजय और बांग्लादेश के गठन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि बाबू जगजीवन राम का जीवन राष्ट्र निर्माण, सामाजिक न्याय, समानता और समावेशी विकास के मूल्यों का प्रेरणास्रोत है। बाबू जगजीवन राम राष्ट्रीय फाउंडेशन ने उनके आदर्शों और समतामूलक समाज के निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
