नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल से राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों पर 24 जुलाई को उपचुनाव होंगे। इन सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जीतने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। यदि भाजपा तीनों सीटें जीतती है, तो राज्यसभा में उसकी संख्या 114 से बढ़कर 117 हो जाएगी।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में बड़े पैमाने पर राजनीतिक टूट देखने को मिली। पार्टी के कई विधायक अलग हुए और लोकसभा व राज्यसभा स्तर पर भी इस्तीफों का सिलसिला चला। इसी क्रम में राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रे, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक ने जून में अपने पद और पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद ये तीनों सीटें रिक्त हुईं।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेतृत्व इन तीनों पूर्व टीएमसी नेताओं को पार्टी में शामिल कर राज्यसभा उपचुनाव में उम्मीदवार बना सकता है। चूंकि तीनों सीटों के लिए अलग-अलग चुनाव होंगे और विधानसभा में भाजपा के पास पर्याप्त संख्या बल है, इसलिए इन सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन की भी संभावना जताई जा रही है। हालांकि, उम्मीदवारों के नाम पर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नामांकन की अंतिम तिथि 14 जुलाई, जांच 15 जुलाई, नाम वापसी 17 जुलाई और मतदान तथा मतगणना 24 जुलाई को होगी।
