नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (MCD) में कांग्रेस दल की नेता नाज़िया दानिश ने भाजपा शासित MCD पर सरकारी संसाधनों के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कोंडली वार्ड के घड़ोली डेरी फ़ार्म स्थित बी-ब्लॉक क्षेत्र में MCD के ट्रक और जेसीबी का इस्तेमाल निजी बिल्डरों का निर्माण मलबा उठाने के लिए किए जाने का मामला गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

नाज़िया दानिश ने कहा कि एक ओर राजधानी की कॉलोनियों में कूड़े के ढेर लगे हैं, नियमित सफाई नहीं हो रही है और आम नागरिक बदहाल हैं, वहीं दूसरी ओर यदि नगर निगम की मशीनें निजी बिल्डरों के काम में लगाई जा रही हैं, तो यह जनता के टैक्स के पैसे और सरकारी संसाधनों का खुला दुरुपयोग है।

उन्होंने कहा कि भाजपा शासित MCD को स्पष्ट करना चाहिए कि जब जनता का कूड़ा समय पर नहीं उठाया जा रहा, तब निगम के संसाधन निजी कार्यों में किसके आदेश पर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल केवल जनता के हित में होना चाहिए, न कि किसी निजी व्यक्ति या बिल्डर के लाभ के लिए।
