दिल्ली विश्वविद्यालय में ढलाव घर बना आधुनिक आरआरआर सेंटर, महापौर प्रवेश वाही ने किया उद्घाटन

नई दिल्ली, 7 जुलाई 2026। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने मंगलवार को दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में एक पुराने ढलाव घर को परिवर्तित कर विकसित किए गए आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज़ और रिसाइकल) सेंटर एवं सेल्फी प्वाइंट का उद्घाटन किया। यह परियोजना मिरांडा हाउस कॉलेज के सहयोग से तैयार की गई है, जिसका उद्देश्य कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन और पुनर्चक्रण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

इस अवसर पर निगम पार्षद इंद्रजीत सहरावत, सिविल लाइंस क्षेत्र के उपायुक्त शशि प्रताप सिंह, मिरांडा हाउस की प्राचार्य डॉ. बिजयलक्ष्मी नंदा तथा दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली से कूड़े के पहाड़ों को समाप्त करने के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे घरों में ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करें, ताकि कचरे का प्रभावी निस्तारण और पुनर्चक्रण संभव हो सके। उन्होंने कहा कि यदि हर नागरिक स्रोत पर कचरे का पृथक्करण करे, तो स्वच्छ और बेहतर दिल्ली का लक्ष्य जल्द हासिल किया जा सकता है।

महापौर ने मिरांडा हाउस कॉलेज की प्राचार्य, शिक्षकों और एनसीसी के विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि कॉलेज में कागज के पुनर्चक्रण का सराहनीय कार्य किया जा रहा है और इस मॉडल को पूरे दिल्ली नगर निगम क्षेत्र में लागू किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि सिविल लाइंस स्थित यह आरआरआर सेंटर बेकार वस्तुओं के पुनः उपयोग के माध्यम से कचरे को उपयोगी संसाधन में बदलने की अवधारणा पर आधारित है। इसके निर्माण में 45 अनुपयोगी टायर और 3,000 से अधिक पुरानी ईंटों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश भी दिया गया है।

महापौर ने कहा कि यह केंद्र एक सामुदायिक संग्रहण केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जहां नागरिक पुराने कपड़े, खिलौने और ई-वेस्ट दान कर सकेंगे। इन वस्तुओं का पुनर्चक्रण कर दोबारा उपयोग में लाया जाएगा, जिससे कचरे की मात्रा कम होगी और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के स्वच्छ एवं हरित दिल्ली के संकल्प को साकार करने के लिए दिल्ली नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है और राजधानी को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।