पूर्वी दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शातिर ऑटो लिफ्टर गिरफ्तार; चोरी की 4 बाइक-स्कूटी बरामद, 4 मामले सुलझे
नई दिल्ली, 8 जुलाई। पूर्वी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की चार दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इन बरामदगी के साथ पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिले के वाहन चोरी के चार मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, वाहन चोरी, मोबाइल स्नैचिंग और अन्य सड़क अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए एएटीएस की टीम लगातार निगरानी और सघन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान 6 जुलाई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पूर्वी दिल्ली में वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल एक आरोपी खिचड़ीपुर इलाके से चोरी की मोटरसाइकिल पर आने वाला है।
सूचना के आधार पर एसीपी ऑपरेशन पवन कुमार के निर्देशन तथा एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर आनंद सिंह के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। खिचड़ीपुर में एक संदिग्ध को चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर आते देखा गया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे दबोच लिया गया।
पूछताछ और वाहन की जांच में पता चला कि मोटरसाइकिल पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तीन अन्य चोरी के दोपहिया वाहन भी बरामद किए। जांच में सामने आया कि ये वाहन कल्याणपुरी, पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया और शाहीन बाग थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर (24 वर्ष) निवासी खिचड़ीपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक हीरो स्कूटी और तीन हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सहित कुल चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इन बरामदगी के साथ वाहन चोरी के चार मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा हो गया है।
पूर्वी जिला पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों, चोरी के वाहनों के खरीद-बिक्री नेटवर्क तथा अन्य वारदातों में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
