पहली ही बारिश में डूब गई दिल्ली, भाजपा सरकार और एमसीडी के दावे हुए बेनकाब: नाज़िया दानिश

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल की नेता नाज़िया दानिश ने राजधानी में मानसून की पहली बारिश के बाद हुए जलभराव और भीषण ट्रैफिक जाम को लेकर भाजपा सरकार और भाजपा शासित एमसीडी पर तीखा हमला बोला है।

नाज़िया दानिश ने कहा कि सीजन की पहली ही बारिश ने सरकार की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी है। राजधानी के कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे लोगों को घंटों ट्रैफिक जाम में फंसे रहना पड़ा और दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

उन्होंने कहा कि हर वर्ष मानसून से पहले नालों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली बारिश ने साबित कर दिया कि ये दावे केवल कागज़ों तक सीमित हैं। यदि पहली ही बारिश में दिल्ली का यह हाल है, तो आने वाले दिनों में भारी बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।

नाज़िया दानिश ने मांग की कि जलभराव वाले सभी संवेदनशील क्षेत्रों की तत्काल पहचान कर स्थायी समाधान किया जाए, संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और नागरिकों को ऐसी परेशानियों से राहत दिलाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जाए।