नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (आईवीपी) का भारतीय जनता पार्टी में औपचारिक विलय हो गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आईवीपी अध्यक्ष मुकेश गोयल समेत 16 पार्षदों का भाजपा परिवार में स्वागत किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस विलय से 16 वार्डों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और दिल्ली सरकार तथा नगर निगम के बीच बेहतर समन्वय के साथ जनता को अधिक लाभ मिलेगा। वहीं, हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि इन 16 वार्डों के करीब 12 लाख लोग अब भाजपा सरकार की विकास योजनाओं से और अधिक मजबूती से जुड़ेंगे।
महापौर प्रवेश वाही ने इस विलय का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा पहले से ही एमसीडी में बहुमत में थी और अब 16 पार्षदों के शामिल होने से पार्टी की संख्या 149 तक पहुंच जाएगी। उनके अनुसार, आम आदमी पार्टी के 101 और कांग्रेस के 9 पार्षद रह जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुकेश गोयल और हेमचंद गोयल जैसे अनुभवी नेताओं के आने से संगठन को मजबूती मिलेगी।
आईवीपी अध्यक्ष मुकेश गोयल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की कार्यप्रणाली से निराश होकर उन्होंने अलग पार्टी बनाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम में विकास कार्यों की बजाय टकराव की राजनीति हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास कार्यों में सहयोग दिया, इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में विकास की सोच के साथ भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया।
भाजपा में शामिल होने वाले पार्षदों के नाम:मुकेश गोयल (आदर्श नगर), दिनेश कुमार (बांकनेर), सुमन अनिल राणा (रोहिणी-बी), मनीषा जसबीर (कराला-रानी खेड़ा), बॉबी (सुल्तानपुरी), ऊषा शर्मा (सदर बाजार), रुणाक्षी शर्मा (बलजीत नगर), राजेश के. लाडी (हरि नगर), साहिब कुमार (विकासपुरी), राखी यादव (हस्तसाल), कमल भारद्वाज (हौज खास), लीना कुमार (मालवीय नगर), हिमानी जैन (वसंत विहार), हेमचंद गोयल (मोलड़बंद), देवेंद्र कुमार (मयूर विहार फेस-2) और अशोक पांडेय (विकास नगर)।
