दिल्ली SIR अभियान: 87.06% मतदाताओं तक पहुंचे गणना प्रपत्र, 8.87 लाख फॉर्म हुए डिजिटाइज

नई दिल्ली। दिल्ली में मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR)–2026 के तीसरे चरण के तहत चल रहे एन्यूमरेशन (गणना) अभियान में 11 जुलाई 2026 रात 8 बजे तक उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) दिल्ली के अनुसार, राजधानी के 1,45,10,298 मतदाताओं में से 1,26,32,385 मतदाताओं (87.06%) तक गणना प्रपत्र पहुंचाए जा चुके हैं, जबकि 8,87,457 प्रपत्र (6.12%) का डिजिटाइजेशन भी पूरा हो चुका है।

दिल्ली के सभी 13 जिलों में अभियान जारी है। नई दिल्ली जिला ने 95.98 प्रतिशत प्रपत्र वितरण के साथ सबसे बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि पश्चिम जिला (94.66%), दक्षिण जिला (94.18%) और सेंट्रल नॉर्थ जिला (91.54%) भी अग्रणी रहे।

वहीं, डिजिटाइजेशन के मामले में आउटर नॉर्थ जिला सबसे आगे रहा, जहां 14.81 प्रतिशत प्रपत्र डिजिटल किए जा चुके हैं। इसके बाद दक्षिण पश्चिम (9.34%), सेंट्रल नॉर्थ (7.81%), पश्चिम (7.30%) और उत्तर जिला (7.01%) का स्थान रहा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने दोहराया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। अभियान का एन्यूमरेशन चरण 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक जारी रहेगा।