मटिया महल के पार्षद इमरान ने भाजपा को वोट दिया तो जनता के जनादेश से होगा विश्वासघात: अंकुश नारंग
सिटी-एसपी जोन में संख्या बल कम होने के बावजूद भाजपा ने उतारा उम्मीदवार, करोल बाग जोन में 'आप' का चेयरमैन निर्विरोध चुने जाने को बताया एकजुटता का प्रमाण
नई दिल्ली, 13 जुलाई।दिल्ली नगर निगम के 11 जोनों में 15 जुलाई को होने वाले वार्ड समिति चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने सिटी-एसपी जोन को लेकर भाजपा पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। एमसीडी में आम आदमी पार्टी के नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि सिटी-एसपी जोन में आम आदमी पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार उतार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि मटिया महल वार्ड-76 के निर्दलीय पार्षद इमरान भाजपा के पक्ष में मतदान करते हैं तो यह मटिया महल की जनता के जनादेश और विश्वास के साथ सीधा विश्वासघात होगा।

अंकुश नारंग ने कहा कि करोल बाग जोन में आम आदमी पार्टी का चेयरमैन निर्विरोध चुना जाना पार्टी की एकजुटता और मजबूती का प्रमाण है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी सभी जोनों में पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ रही है और अधिकांश सीटों पर जीत दर्ज करेगी।उन्होंने कहा कि सिटी-एसपी जोन में आम आदमी पार्टी के सात पार्षद, भाजपा के चार पार्षद और एक निर्दलीय पार्षद इमरान हैं। उपाध्यक्ष पद पर आम आदमी पार्टी का उम्मीदवार निर्विरोध चुना गया, जबकि अध्यक्ष पद के लिए अंतिम समय में भाजपा ने नामांकन दाखिल किया।
नारंग ने कहा कि मटिया महल की जनता ने हमेशा भाजपा की राजनीति को नकारा है। शोएब इकबाल और आले मोहम्मद इकबाल की राजनीतिक विरासत भी भाजपा विरोध की रही है। ऐसे में यदि शेर चुनाव चिह्न पर जीतकर आए पार्षद इमरान भाजपा का समर्थन करते हैं तो यह मटिया महल और मुस्लिम समाज की भावनाओं के विपरीत होगा।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को इमरान के वोट की आवश्यकता नहीं है, लेकिन यदि वह भाजपा के पक्ष में मतदान करते हैं तो जनता के सामने यह स्पष्ट हो जाएगा कि उन्होंने किसका साथ चुना है। नारंग ने कहा कि यदि ऐसा होता है तो पार्टी इसे जनता के सामने रखेगी और मटिया महल के मतदाताओं को बताएगी कि उनके जनादेश का किस प्रकार इस्तेमाल किया गया।
अंकुश नारंग ने यह भी दावा किया कि रोहिणी और वेस्ट जोन में आम आदमी पार्टी पहले की तरह इस बार भी जीत दर्ज करेगी, जबकि अन्य जोनों में भी पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ रही है।
