नई दिल्ली, 16 जुलाई। शाहदरा जिला पुलिस ने ऑपरेशन मिलाप के तहत एक बार फिर संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक लापता युवक को उसके परिवार से सुरक्षित मिलवा दिया।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को थाना पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया में एक लावारिस युवक मिलने की सूचना प्राप्त हुई। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और संबंधित अधिकारियों के समक्ष पेश करने के बाद उसे सुरक्षित देखभाल के लिए संस्कार आश्रम, दिलशाद गार्डन भेज दिया गया।
अगले दिन 12 जुलाई को ऑपरेशन मिलाप के तहत इंस्पेक्टर हुकम सिंह के निर्देशन में एएसआई कुशल पाल, हेड कांस्टेबल रिंकू और महिला कांस्टेबल अनुराधा की टीम आश्रम पहुंची। टीम ने धैर्यपूर्वक काउंसलिंग और लगातार बातचीत कर युवक का विश्वास जीता।
पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम रामनिवास बताया और कहा कि वह बिना परिवार को बताए कुछ समय के लिए दिल्ली आ गया था। उसने अपने भाई का मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया।
पुलिस ने तुरंत संपर्क किया, जिस पर उसके भाई ने पुष्टि की कि रामनिवास 11 जुलाई से लापता था और परिवार उसकी तलाश में जुटा हुआ था।
सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने तथा 14 जुलाई को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के आदेश प्राप्त होने के बाद रामनिवास को सुरक्षित रूप से उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
रामनिवास के परिवार ने शाहदरा पुलिस की संवेदनशीलता, पेशेवर कार्यशैली और समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। शाहदरा पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन मिलाप के माध्यम से हर लापता बच्चे और किशोर को सुरक्षित खोजकर उसके परिवार से मिलाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
