नई दिल्ली, 25 जुलाई। दिल्ली नगर निगम के दक्षिण ज़ोन के चेयरमैन एवं आर.के.पुरम वार्ड-152 के निगम पार्षद धर्मवीर सिंह ने ग्रीन पार्क स्थित अपने कार्यालय में क्षेत्रवासियों और सम्मानित नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

धर्मवीर सिंह ने कहा कि जनसेवा उनका सर्वोच्च दायित्व है और प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध समाधान उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और उसी विश्वास के आधार पर वे दक्षिण ज़ोन में विकास कार्यों तथा नागरिक सुविधाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।

इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक ग्रीन पार्क कार्यालय पहुंचे और धर्मवीर सिंह को दिल्ली नगर निगम के दक्षिण ज़ोन का चेयरमैन नियुक्त होने पर शुभकामनाएं एवं बधाई दी। नागरिकों ने उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई।
धर्मवीर सिंह ने सभी नागरिकों के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे तथा दक्षिण ज़ोन को स्वच्छ, व्यवस्थित और विकासोन्मुख बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
