पूर्वी दिल्ली।दिल्ली सरकार द्वारा 1 अगस्त को आयोजित किए जाने वाले विशेष वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों को लेकर डीडीसी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता, अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. अनिल गोयल ने की। इस दौरान सभी निगम पार्षदों तथा वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अभियान की रूपरेखा और उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की।बैठक में दिल्ली सरकार के पर्यावरण संरक्षण और हरित दिल्ली के लक्ष्य को लेकर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
विधायक डॉ. अनिल गोयल ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देशन में दिल्ली में 70 लाख से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है। यह अभियान राजधानी को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरणीय रूप से संतुलित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। बैठक में विशेष रूप से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान पर जोर दिया गया। इसके अंतर्गत प्रत्येक नागरिक से अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की गई है। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना नहीं, बल्कि लोगों को भावनात्मक रूप से प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना भी है।डॉ. अनिल गोयल ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, गर्मी और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए वृक्षारोपण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने कहा कि यदि हर नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे तो दिल्ली को हराभरा बनाने का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी पार्षदों और विभागीय अधिकारियों तथा भाजपा संगठन के पदाधिकारीयों को अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक ने सामाजिक संस्थाओं, आरडब्ल्यूए, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं से भी इस अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि कोई संस्था अपने आसपास, पार्कों में या किसी भी खाली स्थान पर वृक्षारोपण करना चाहती है तो वह दिल्ली सरकार के Delhi Green Campaign 2026 पोर्टल पर जाकर सीधे पंजीकरण कर सकती है। इसके अतिरिक्त इच्छुक नागरिक वन विभाग के Delhi Van Mahotsav तथा Dilli Free Tree पोर्टल के माध्यम से भी अभियान से जुड़ सकते हैं और निःशुल्क पौधे प्राप्त करने की जानकारी हासिल कर सकते हैं। बैठक में वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पौधों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और रोपण स्थलों की पहचान का कार्य तेजी से किया जा रहा है। अभियान के दिन विभिन्न पार्कों, सरकारी संस्थानों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अंत में विधायक डॉ. अनिल गोयल ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे 1 अगस्त के वृक्षारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित दिल्ली के निर्माण में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से सफल होने वाला पर्यावरणीय जनआंदोलन है।
