भाजपा-आप की मिलीभगत से एमसीडी सदन में जनता के मुद्दों का गला घोंटा गया : नाज़िया दानिश

ई-20 जैसे एमसीडी के अधिकार क्षेत्र से बाहर के मुद्दे पर हंगामा कर जलभराव, कचरा और बदहाल सड़कों पर चर्चा से बची भाजपा : नाज़िया

नई दिल्ली, 30 जुलाई। दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल की नेता नाज़िया दानिश ने आरोप लगाया कि भाजपा और आम आदमी पार्टी की मिलीभगत के कारण गुरुवार को एमसीडी सदन की कार्यवाही एक बार फिर हंगामे की भेंट चढ़ गई, जिससे दिल्ली की जनता से जुड़े गंभीर मुद्दों पर चर्चा नहीं हो सकी।

नाज़िया दानिश ने कहा कि आज सदन में मानसून के दौरान राजधानी में हुए व्यापक जलभराव, बदहाल सड़कों, कचरा प्रबंधन की विफलता, मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम और नागरिक सुविधाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होनी थी, लेकिन नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने ई-20 का मुद्दा उठाकर सदन में हंगामा किया। उन्होंने कहा कि ई-20 एमसीडी के अधिकार क्षेत्र का विषय ही नहीं है, फिर भी उसी मुद्दे को लेकर सदन की कार्यवाही बाधित कर दी गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी घटना इस आशंका को मजबूत करती है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष जनता के वास्तविक मुद्दों पर जवाबदेही से बचने के लिए एक-दूसरे को राजनीतिक मंच उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में जनता के हितों को लेकर गंभीर होती तो वह सदन में दिल्ली की मूलभूत समस्याओं पर चर्चा कराती, न कि गैर-प्रासंगिक विषयों पर हंगामे को बढ़ावा देती।

नाज़िया दानिश ने कहा कि दिल्ली की जनता अब राजनीतिक नौटंकी नहीं, बल्कि जवाब और समाधान चाहती है। एमसीडी सदन जनता की समस्याओं के समाधान का मंच है, लेकिन भाजपा के शासन में यह राजनीतिक टकराव का अखाड़ा बन गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार जनता के मुद्दे उठाती रहेगी और भाजपा को उसकी जवाबदेही से भागने नहीं देगी।