‘RSS @100’ पुस्तक पर मंथन, समाज निर्माण में संघ की भूमिका पर हुई व्यापक चर्चा
पीतमपुरा में खचाखच भरे सभागार में आयोजित परिचर्चा, श्याम जाजू, राजकुमार भाटिया और तिलकराज कटारिया समेत कई वक्ताओं ने रखे विचार
नई दिल्ली, 1 अगस्त। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्षों की यात्रा, उसकी विचारधारा, संगठनात्मक विकास और समाज जीवन में योगदान पर आधारित पुस्तक ‘RSS @100’ पर शुक्रवार को पीतमपुरा स्थित भारत विकास परिषद के सभागार में व्यापक परिचर्चा आयोजित की गई। संस्था “हम एक नई शुरुआत” के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक और बौद्धिक क्षेत्र से जुड़े बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। खचाखच भरे सभागार में वक्ताओं ने संघ की भूमिका, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन पीतमपुरा वार्ड-57 के निगम पार्षद अमित नागपाल ने किया। पुस्तक के लेखक एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले एक शताब्दी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने व्यक्ति निर्माण और राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न संवैधानिक और प्रशासनिक पदों पर कार्यरत अनेक स्वयंसेवक देश सेवा में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
पुस्तक के सह-लेखक अनुपम त्रिवेदी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को लेकर समय-समय पर विभिन्न प्रकार के भ्रम फैलाने की कोशिश की गई, लेकिन सेवा कार्यों और संगठनात्मक मूल्यों के कारण समाज का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है।
विधायक राजकुमार भाटिया ने कहा कि संघ की विचारधारा व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज और राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में कार्यरत लोगों से “ऐश, तैश और कैश” से दूर रहकर जनसेवा और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता तिलकराज कटारिया ने अपने संबोधन में अखंड भारत की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि अनेक देशों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक परंपराओं को आज भी संरक्षित रखा है।
कार्यक्रम के समापन पर संस्था “हम एक नई शुरुआत” की अध्यक्षा विभा नागपाल ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे बौद्धिक संवाद समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं तथा युवाओं को राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराते हैं।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेश जैन, वेद जी (जिला संघचालक), दिल्ली नगर निगम शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा, नितीश जैन, राजकुमार बग्गा, पूर्व निगम पार्षद अंजू जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
