बारिश में ढहा तीन मंजिला हिस्सा, MCD के डेंजरस सर्वे पर उठे सवाल

दरीवाड़ा (बल्लीमारान) स्थित कटरे का लगभग 100 गज का हिस्सा भरभराकर गिरा, बड़ा हादसा टला; पार्षद और विधायक पर भी सवाल

नई दिल्ली। बुधवार को हुई तेज बारिश के दौरान हौज काजी क्षेत्र के बल्लीमारान वार्ड स्थित दरीवाड़ा में एक बड़े कटरे (संपत्ति संख्या 4516) का लगभग 100 गज का तीन मंजिला हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि इमारत पहले से खाली करा दी गई थी और मलबा आसपास की रिहायशी इमारतों पर नहीं गिरा, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस हिस्से को लंबे समय से जर्जर और खतरनाक घोषित करने की मांग की जा रही थी। कई बार शिकायत और अनुरोध के बावजूद नगर निगम (MCD) ने इसे न तो ध्वस्त कराया और न ही समय पर कोई प्रभावी कार्रवाई की। लोगों का कहना है कि उन्होंने खतरे को देखते हुए भवन खाली भी कर दिया था।

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने यह भी सवाल उठाया कि वर्ष 2026 के प्री-मानसून डेंजरस बिल्डिंग सर्वे में यह भवन कथित तौर पर शामिल नहीं था। यदि यह दावा सही है, तो निगम के सर्वे और निरीक्षण प्रक्रिया पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं।घटना के समय क्षेत्र के पार्षद और विधायक के मौके पर मौजूद न होने को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। स्थानीय लोग पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं।