तिरंगे के सैलाब से गूंज उठी दक्षिणी दिल्ली!

‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ के जयघोष से थर्राया राजधानी का माहौल, बांसुरी स्वराज के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का जनसैलाब

नई दिल्ली, 9 अगस्त। राजधानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रभक्ति का जबरदस्त ज्वार देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ आह्वान को जनअभियान में बदलते हुए नई दिल्ली सांसद बांसुरी स्वराज के नेतृत्व में रविवार को निकली भव्य तिरंगा यात्रा ने दक्षिणी दिल्ली की सड़कों को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। पिलांजी गांव के सम्राट मिहिर भोज चौक से ग्रेटर कैलाश-1 स्थित राधा कृष्ण मंदिर तक निकली यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नागरिक तिरंगा लेकर उमड़े।

भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा। हाथों में तिरंगा और दिल में राष्ट्रभक्ति का जज्बा लिए युवाओं, माताओं-बहनों, बुजुर्गों और कार्यकर्ताओं ने यात्रा में उत्साह के साथ भाग लिया। सड़क के दोनों ओर राष्ट्रध्वजों की कतार और देशभक्ति के नारों ने माहौल को पूरी तरह राष्ट्रमय बना दिया।

धर्मवीर सिंह की दमदार मौजूदगी ने बढ़ाया जोश

तिरंगा यात्रा में दक्षिण जोन, दिल्ली नगर निगम के चेयरमैन धर्मवीर सिंह की सक्रिय मौजूदगी विशेष रूप से नजर आई। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ कदम से कदम मिलाकर यात्रा में सहभागिता की और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान तथा राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

धर्मवीर सिंह ने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान है। यह केवल कपड़े का एक ध्वज नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों के गौरव, एकता, अखंडता और बलिदान की पहचान है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश के प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य और जिम्मेदारी से जोड़ने वाला अभियान है।

शहीदों को नमन, राष्ट्रसेवा का संकल्प

यात्रा के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों, देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों और राष्ट्रसेवा में निरंतर जुटे कर्मयोगियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि आजादी केवल इतिहास का अध्याय नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के त्याग और बलिदान की अमूल्य विरासत है।

भाजपा का शक्ति प्रदर्शन भी दिखा

भाजपा नई दिल्ली जिला अध्यक्ष रविन्द्र चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित इस तिरंगा यात्रा में विधायक अनिल शर्मा, शिखा राय और नीरज बसोया समेत बड़ी संख्या में पार्षद, मंडल अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। भारी भागीदारी ने राजधानी में भाजपा के संगठनात्मक जनसंपर्क और राष्ट्रभक्ति अभियान की व्यापकता का प्रदर्शन किया।