शहीद परिवारों के सम्मान में आगे आए जय भगवान यादव

अलीपुर में वीर शहीद करतार सिंह और बलबीर सिंह के परिजनों का सम्मान, कहा—शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर

नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली नगर निगम के नेता सदन एवं स्थायी समिति सदस्य जय भगवान यादव ने शहीद परिवारों के सम्मान का संदेश देते हुए अलीपुर वार्ड संख्या-4 में देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों के परिजनों का सम्मान किया। उन्होंने शहीद परिवारों से मुलाकात कर उनके त्याग, समर्पण और बलिदान को नमन किया।

अलीपुर मंडल में आयोजित कार्यक्रम में जय भगवान यादव ने शहीद करतार सिंह और शहीद बलबीर सिंह के परिवारों से मुलाकात की। करतार सिंह ने 18 नवंबर 1965 को मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त की थी, जबकि बलबीर सिंह ने 2 नवंबर 1971 को देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए थे।

‘शहीद परिवारों का सम्मान हमारा कर्तव्य’

जय भगवान यादव ने कहा कि जिन वीर जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उनके परिवारों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य है। शहीदों का बलिदान केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा है।

उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों के सम्मान को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। समाज और सरकार की जिम्मेदारी है कि इन परिवारों के त्याग और योगदान को हमेशा याद रखा जाए। देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूत राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं।

अलीपुर में जुटे भाजपा कार्यकर्ता

कार्यक्रम में अलीपुर वार्ड संख्या-4 के निगम पार्षद योगेश राणा, अलीपुर मंडल अध्यक्ष नीरू पर्चा, मंडल महामंत्री विश्वास राणा सहित भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान शहीदों के सम्मान में राष्ट्रभक्ति और देशसेवा का संदेश दिया गया।जय भगवान यादव ने कहा—“राष्ट्र सर्वोपरि है और शहीद परिवारों का सम्मान हमारा संकल्प है।”