कल्याणपुरी में सफाई कर्मचारी की हत्या पर नाज़िया दानिश का भाजपा सरकार पर हमला

‘दिल्ली में अपराधियों के हौसले बुलंद, कानून-व्यवस्था पूरी तरह सवालों के घेरे में’

नई दिल्ली। कल्याणपुरी में रविवार सुबह सफाई कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या की घटना पर एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस दल की नेता नाज़िया दानिश ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और खुलेआम हो रही आपराधिक घटनाएं दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।

नाज़िया दानिश ने कहा कि कल्याणपुरी में सफाई कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या की घटना बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है। राजधानी में दिनदहाड़े हत्या जैसी घटनाएं यह बताती हैं कि अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं बचा है। दिल्ली की जनता लगातार खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के आने के बाद दिल्ली में हत्या, लूट और अन्य अपराधों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि राजधानी में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? सरकार को दिल्ली की जनता को जवाब देना चाहिए कि अपराध पर लगाम लगाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

कांग्रेस दल की नेता ने कहा कि दिल्ली को अपराधियों के हवाले नहीं छोड़ा जा सकता। सरकार और पुलिस को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी होगी तथा राजधानी में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी।

नाज़िया दानिश ने कल्याणपुरी हत्याकांड के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दिल्ली की जनता को सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि सुरक्षित माहौल चाहिए।