नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने विधायक कुलदीप कुमार को कथित तौर पर तड़के उनके आवास से दिल्ली पुलिस द्वारा ले जाने को लेकर भाजपा और दिल्ली पुलिस पर तीखा हमला बोला है।
अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि मंगलवार सुबह करीब 4 बजे दिल्ली पुलिस कुलदीप कुमार को उनके घर से उठाकर ले गई। उन्होंने कहा कि इस दौरान घर के सीसीटीवी कैमरे तोड़े गए और डीवीआर भी अपने साथ ले जाया गया, लेकिन पुलिस अब तक यह स्पष्ट नहीं कर रही है कि निर्वाचित विधायक को कहां ले जाया गया और उनके खिलाफ किस मामले में कार्रवाई की गई है।
अंकुश नारंग ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब एक निर्वाचित विधायक के साथ इस तरह की कार्रवाई हो सकती है तो आम आदमी अपनी सुरक्षा और अधिकारों के लिए आखिर किसके पास जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस को पूरे मामले में पारदर्शिता बरतते हुए कुलदीप कुमार की गिरफ्तारी या हिरासत का कारण और उनका ठिकाना सार्वजनिक करना चाहिए।उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह लोकतंत्र है, पुलिसिया गुंडागर्दी नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ दमन और मनमानी की जा रही है, जिसे देश बर्दाश्त नहीं करेगा।
अंकुश नारंग ने मांग की कि कुलदीप कुमार को कहां ले जाया गया, किस मामले में कार्रवाई की गई और उनके आवास पर सीसीटीवी व डीवीआर से जुड़ी कार्रवाई क्यों की गई, इसकी तत्काल जानकारी सार्वजनिक की जाए।
