दीप विहार में औचक निरीक्षण, सफाई और विकास कार्यों का लिया जायजा

नई दिल्ली।बेगमपुर वार्ड-27 के दीप विहार में मंगलवार को नेता सदन, दिल्ली नगर निगम एवं वार्ड-27 के पार्षद मास्टर जय भगवान यादव ने बिना किसी पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इलाके की सफाई व्यवस्था, जलभराव, सड़क-गलियों, सीवर व्यवस्था सहित विभिन्न विकास कार्यों का मौके पर जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान मास्टर जय भगवान यादव ने नगर निगम के संबंधित अधिकारियों, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और स्थानीय निवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

मास्टर जय भगवान यादव ने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनका समाधान कराना ही जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और सांसद योगेंद्र चंदोलिया के नेतृत्व में दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में सफाई, जलभराव और सीवर जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए किए जा रहे निरीक्षण और अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का स्वागत किया।