सोनिया विहार चौथा पुस्ता में कूड़े का अंबार, भाजपा के ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’ अभियान पर अंकुश नारंग का हमला
स्कूल जाने वाले बच्चों और स्थानीय लोगों को परेशानी, बोले—अभियान नहीं, दिखावे और धोखे की राजनीति
नई दिल्ली। करावल नगर विधानसभा क्षेत्र के सोनिया विहार चौथा पुस्ता में गंदगी और कूड़े के ढेर को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता एवं एमसीडी नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा है, जिसके कारण स्कूल जाने वाले बच्चों सहित स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा चलाया जा रहा ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’ अभियान जमीनी हकीकत से कोसों दूर है। सोनिया विहार चौथा पुस्ता की स्थिति इस अभियान के दावों की पोल खोल रही है। उन्होंने कहा कि जब गलियों में कूड़ा पड़ा है और जनता गंदगी के बीच रहने को मजबूर है, तो फिर ऐसे अभियानों का औचित्य क्या है?
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि करावल नगर विधानसभा क्षेत्र में मंत्री कपिल मिश्रा, सांसद मनोज तिवारी, महापौर प्रवेश वाही और निगम पार्षद तक भाजपा से हैं। इसके बावजूद क्षेत्र की गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े का ढेर लगा होना भाजपा की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
नारंग ने कहा कि भाजपा नेताओं को केवल फोटो खिंचवाने और अभियान चलाने के बजाय सोनिया विहार चौथा पुस्ता जैसे इलाकों में जाकर जनता की वास्तविक समस्याएं देखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो और स्थानीय लोगों को गंदगी के बीच से गुजरना पड़े, इससे ज्यादा शर्मनाक स्थिति क्या हो सकती है।
उन्होंने भाजपा सरकार से मांग की कि सोनिया विहार चौथा पुस्ता में तत्काल सफाई कराकर कूड़े के ढेर हटाए जाएं और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नारंग ने कहा कि जनता को प्रचार नहीं, साफ-सुथरी सड़कें और नियमित सफाई चाहिए।
