‘मन की बात’ से गूंजा विकसित भारत का संकल्प, मनोज जैन ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

प्रधानमंत्री मोदी की 137वीं कड़ी का सामूहिक श्रवण, ‘वोकल फॉर लोकल’ को जनआंदोलन बनाने का आह्वान

नई दिल्ली, 30 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रिय ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी के सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया। मयूर विहार जिला के दरियागंज मंडल में पूर्व मंडल अध्यक्ष सनी सारवान के निवास, 60/100 क्वार्टर्स हरिजन बस्ती में आयोजित कार्यक्रम में मनोनीत पार्षद मनोज जैन पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय साथियों के साथ शामिल हुए।

मनोज जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ देश के सामान्य नागरिकों को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने वाला प्रभावशाली मंच बन चुकी है। प्रधानमंत्री जिस तरह युवाओं की ऊर्जा, नवाचार, आत्मनिर्भरता और जनभागीदारी को देश की ताकत के रूप में सामने रखते हैं, उससे कार्यकर्ताओं को समाज के बीच सक्रिय होकर काम करने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश आज के समय में बेहद महत्वपूर्ण है। स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों, उद्यमियों और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे लोकल उत्पादों को बढ़ावा देने के अभियान को घर-घर और बाजारों तक पहुंचाएं।

मनोनीत पार्षद ने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्र निर्माण केवल राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़ा संकल्प है। स्वच्छता, सेवा, स्थानीय उत्पादों का प्रोत्साहन और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से प्रत्येक नागरिक देश की प्रगति में योगदान दे सकता है।

उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें देश के उन सामान्य नागरिकों के प्रयासों को सामने लाया जाता है, जो बिना किसी राजनीतिक स्वार्थ के समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। यही छोटे-छोटे प्रयास आगे चलकर विकसित भारत की बड़ी ताकत बनते हैं।

कार्यक्रम में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और अपने-अपने क्षेत्रों में सेवा एवं सामाजिक कार्यों को और अधिक गति देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर भाजपा दिल्ली के वरिष्ठ नेताओं हर्ष मल्होत्रा और विजेंद्र धामा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय साथी उपस्थित रहे।