ग्रीन पार्क कार्यालय में नागरिकों से किया जनसंवाद, दक्षिण जोन के चेयरमैन बनने के बाद मिल रहे समर्थन पर जताया आभार
जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता, धर्मवीर सिंह ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
नई दिल्ली, 16 सितंबर। दक्षिण जोन, दिल्ली नगर निगम के चेयरमैन धर्मवीर सिंह ने मंगलवार को ग्रीन पार्क स्थित अपने कार्यालय में क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र, प्रभावी और समयबद्ध समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
धर्मवीर सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और क्षेत्र में बेहतर नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि नागरिकों की शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
दक्षिण जोन के चेयरमैन नियुक्त होने के बाद क्षेत्रवासियों की ओर से मिल रहे स्नेह, विश्वास, शुभकामनाओं और आशीर्वाद के लिए उन्होंने आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास उन्हें क्षेत्र के विकास और व्यवस्था में सुधार के लिए और अधिक ऊर्जा के साथ काम करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि आर.के. पुरम सहित दक्षिण जोन के क्षेत्रों में विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे। प्रत्येक नागरिक की बात सुनी जाएगी और संबंधित विभागों के माध्यम से समस्याओं के समाधान की प्रभावी निगरानी की जाएगी।
धर्मवीर सिंह दक्षिण जोन, दिल्ली नगर निगम के चेयरमैन के साथ-साथ दक्षिण जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सह-अध्यक्ष, पर्यावरण प्रबंधन सेवाएं समिति के उपाध्यक्ष और आर.के. पुरम वार्ड-152 के निगम पार्षद हैं।
