राजीव नगर एक्सटेंशन में विकास कार्यों को रफ्तार, सड़क निर्माण का जय भगवान यादव ने लिया जायजा

राहुल पब्लिक स्कूल रोड का मौके पर निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने और समय पर काम पूरा करने के निर्देश

नई दिल्ली। राजीव नगर एक्सटेंशन के बी-ब्लॉक में विकास कार्यों को लेकर MCD नेता सदन जय भगवान यादव ने मोर्चा संभालते हुए राहुल पब्लिक स्कूल रोड पर चल रहे निर्माण कार्य का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेने के साथ अधिकारियों से मौके पर कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जय भगवान यादव ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और काम को तय समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाए। उन्होंने कार्य की नियमित निगरानी करने तथा निर्माण के दौरान स्थानीय लोगों को होने वाली असुविधाओं को भी न्यूनतम रखने पर जोर दिया।

जय भगवान यादव ने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क, बुनियादी सुविधाएं और सुचारु नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसी दिशा में क्षेत्र में विकास कार्य लगातार आगे बढ़ाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में दिल्ली में विकास और जनसुविधाओं को मजबूत करने का काम लगातार जारी है। क्षेत्र की जरूरत के अनुसार निर्माण एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति दी जा रही है, ताकि लोगों को इसका सीधा लाभ मिल सके।

जनता से जुड़ा विकास, मौके पर निगरानी

जय भगवान यादव के निरीक्षण को क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जमीनी निगरानी से जोड़कर देखा जा रहा है। सड़क निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की प्रगति पर अधिकारियों को दिए गए निर्देशों से साफ है कि विकास कार्यों को केवल कागजों तक सीमित रखने के बजाय मौके पर उनकी निगरानी पर जोर दिया जा रहा है।जय भगवान यादव ने दोहराया— “जनसुविधा, जनसेवा और विकास हमारी प्राथमिकता है।”