मनोनीत पार्षद मनोज जैन ने पारसनाथ मंदिर में पीएम मोदी के दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की

प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर चिंतामणि पारसनाथ भगवान के श्रीचरणों में दीप प्रज्वलित कर मांगा उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्रसेवा की शक्ति

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मनोनीत पार्षद मनोज जैन ने दिल्ली गेट स्थित ऐतिहासिक एवं अतिशयकारी श्री दिगंबर जैन पारसनाथ मंदिर पहुंचकर चिंतामणि पारसनाथ भगवान के श्रीचरणों में दीप प्रज्वलित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना करते हुए देश की निरंतर प्रगति और समृद्धि की मंगलकामना की।

ऐतिहासिक शाहजहानाबाद की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत में स्थित यह प्राचीन जैन मंदिर दिल्ली के प्रमुख जैन धार्मिक स्थलों में विशिष्ट स्थान रखता है। मंदिर की प्राचीनता 18वीं शताब्दी से जुड़ी मानी जाती है तथा यहां के प्राचीन धार्मिक अवशेष लगभग 1773 ईस्वी तक बताए जाते हैं। प्राचीन स्थापत्य, धार्मिक कला और आध्यात्मिक वातावरण के कारण मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है।

इस अवसर पर मनोज जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर भगवान चिंतामणि पारसनाथ के श्रीचरणों में दीप प्रज्वलित कर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश की सेवा और भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। भगवान उन्हें शक्ति, ऊर्जा और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें, ताकि वे इसी समर्पण के साथ राष्ट्रसेवा करते रहें।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने ‘एक दीपक प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए’ की भावना के साथ दीप प्रज्वलित किए और देश की खुशहाली, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की।