MCD सदन में ‘आप’ पार्षदों को रोकने का आरोप, बैठक स्थगित करने पर भाजपा घिरी
अंकुश नारंग बोले- जनता के सवालों से भाग रही भाजपा, अवैध PG और निर्माण पर दोहरी नीति का लगाया आरोप
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (MCD) मुख्यालय में मंगलवार को सदन की बैठक को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच टकराव सामने आया। ‘आप’ के निगम पार्षदों ने आरोप लगाया कि भाजपा की ओर से तैनात सिक्योरिटी गार्डों ने उनके पार्षदों को सदन में प्रवेश करने से रोकने की कोशिश की। इसके बाद सदन की बैठक स्थगित किए जाने को लेकर भी ‘आप’ ने भाजपा पर सवाल उठाए।
MCD में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि जिस समय दिल्ली की जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे सदन में उठाए जाने थे, उसी समय भाजपा ने सदन की बैठक स्थगित कर दी। उन्होंने कहा कि सदन जनता की समस्याओं पर चर्चा और सवाल-जवाब के लिए होता है, न कि सवालों से बचने के लिए।
नारंग ने अवैध PG और अनधिकृत निर्माण के मुद्दे पर भाजपा पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब अवैध निर्माण और PG से जुड़े सवाल सत्ता से जुड़े लोगों तक पहुंचते हैं, तो कार्रवाई के बजाय चुप्पी क्यों साध ली जाती है। उन्होंने भाजपा से इस मामले में स्पष्ट जवाब देने की मांग की।
‘थप्पड़ कांड’ पर मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग
अंकुश नारंग ने दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा से जुड़े थप्पड़ विवाद को भी मुद्दा बनाया। उन्होंने मांग की कि प्रवेश वर्मा को तत्काल प्रभाव से मंत्री पद से निलंबित किया जाए, भाजपा से निष्कासित किया जाए और संबंधित युवक से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी जाए।
इस मामले में दिल्ली पुलिस द्वारा प्रवेश वर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 के तहत गैर-संज्ञेय रिपोर्ट (NCR) दर्ज किए जाने की रिपोर्ट सामने आई है। घटना को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी जारी हैं।
नारंग ने कहा कि “सदन सवालों से चलता है, ताले और दबाव से नहीं। भाजपा को जवाब देना होगा।”
