नेता सदन जय भगवान यादव ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने का किया आह्वान
सेवा संकल्प अभियान के तहत वार्ड 27 में चला स्वच्छता अभियान
नई दिल्ली। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वार्ड 27, रोहिणी सेक्टर-24 में आयोजित स्वच्छता अभियान में एमसीडी नेता सदन जय भगवान यादव ने सहभागिता की। इस दौरान क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रविंद्र इंद्राज, नरेला जोन के डीसी राघवेंद्र मीणा, एसी सहित एमसीडी के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के दौरान स्वच्छ एवं सुंदर दिल्ली के निर्माण में सामूहिक भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

जय भगवान यादव ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित रहने वाला विषय नहीं, बल्कि स्वस्थ और स्वच्छ समाज की आधारशिला है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा स्वच्छता व्यवस्था में एमसीडी का सहयोग करने की अपील की।उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक मिलकर स्वच्छता के लिए आगे आते हैं, तभी स्वच्छ भारत के संकल्प को वास्तविक रूप दिया जा सकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से स्वच्छता को अपनी दैनिक जिम्मेदारी बनाने का आह्वान किया।
