बेगमपुर मेन मार्केट में सीवर समस्या पर सक्रिय हुए नेता सदन जय भगवान यादव, ठेकेदार को जल्द समाधान के निर्देश
स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्रवासियों को राहत दिलाने के लिए मौके पर पहुंचकर की बातचीत
नई दिल्ली। बेगमपुर गांव की मेन मार्केट में सीवर की समस्या से परेशान स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्रवासियों को राहत दिलाने के लिए दिल्ली नगर निगम के नेता सदन जय भगवान यादव ने मौके पर संबंधित ठेकेदार और स्थानीय लोगों से बातचीत की। उन्होंने समस्या की गंभीरता को देखते हुए ठेकेदार को सीवर कार्य में तेजी लाने और जल्द से जल्द समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीवर की समस्या के कारण बाजार में दुकानदारों और स्थानीय लोगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए जय भगवान यादव ने कार्य में देरी न करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समस्या का शीघ्र समाधान होना जरूरी है, ताकि बाजार में जनजीवन सामान्य हो सके और लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में असुविधा का सामना न करना पड़े।
नेता सदन ने स्पष्ट किया कि स्थानीय समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का विकास प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित कार्यों की प्रगति पर ध्यान देना और जनता को राहत पहुंचाना आवश्यक है।
