जनसमस्याओं के समाधान के लिए मैदान में उतरे नेता सदन जय भगवान यादव
राजीव नगर एक्सटेंशन के तीन ब्लॉकों का किया निरीक्षण, निगम अधिकारियों के साथ समस्याओं पर मंथन; सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर
नई दिल्ली। जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिल्ली नगर निगम के नेता सदन जय भगवान यादव ने बेगमपुर वार्ड-27 के राजीव नगर एक्सटेंशन में विकास कार्यों एवं नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। शुक्रवार, 9 अक्टूबर को उन्होंने क्यू ब्लॉक, आर ब्लॉक और जी ब्लॉक का निरीक्षण कर स्थानीय निवासियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए निगम अधिकारियों के साथ चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान नरेला जोन के एडिशनल कमिश्नर कुलदीप, एमसीडी के संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, स्थानीय आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि और क्षेत्र के निवासी मौजूद रहे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर जय भगवान यादव ने अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संबंधित विभागों से समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
राजीव नगर एक्सटेंशन के विभिन्न ब्लॉकों का निरीक्षण करते हुए क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। जय भगवान यादव ने अधिकारियों के साथ मौके पर समस्याओं की समीक्षा की और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ वातावरण, बेहतर सफाई व्यवस्था और सुचारु जल निकासी उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके लिए निगम अधिकारियों को स्थानीय समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
जय भगवान यादव ने स्पष्ट किया कि जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी केवल समस्याएं सुनने तक सीमित नहीं है, बल्कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर उनके समाधान के लिए प्रयास करना भी उतना ही जरूरी है। क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जनता के सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी।उन्होंने कहा कि जनसेवा उनकी प्राथमिकता है और जनसमस्याओं का समाधान उनका संकल्प। बेगमपुर वार्ड-27 में सफाई, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे, ताकि स्थानीय निवासियों को स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
