दिल्ली के सभी 12 जोन में रिंग रोड और सर्विस रोड पर चला विशेष सफाई अभियान
सैकड़ों सफाई कर्मचारियों के साथ वाटर टैंकर, जेटिंग और मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें उतारी गईं; डेम्स चेयरमैन संदीप कपूर ने कृष्णा नगर मेट्रो स्टेशन पर सफाई कार्यों का किया निरीक्षण
नई दिल्ली, 7 नवंबर।दिल्ली में स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर एमसीडी ने अपने विशेष गहन सफाई अभियान के तहत शनिवार को राजधानी के सभी 12 जोन में प्रमुख रिंग रोड मार्गों और उनसे जुड़ी सर्विस रोड पर विशेष सफाई अभियान चलाया। दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक चले इस अभियान की निगरानी संबंधित जोन के उपायुक्तों ने की।

अभियान के तहत प्रमुख सड़कों, फुटपाथों, सेंट्रल वर्ज, सड़क किनारों, चौराहों और सर्विस रोड की सफाई की गई। सड़कों से धूल हटाने और प्रदूषण नियंत्रण के उद्देश्य से सैकड़ों सफाई कर्मचारियों के साथ वाटर टैंकर, जेटिंग मशीनें और मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें तैनात की गईं।
इस दौरान एमसीडी के डेम्स चेयरमैन संदीप कपूर ने कृष्णा नगर मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचकर सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चल रहे कार्यों और तैनात सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था का जायजा लिया।

एमसीडी का यह छह दिवसीय विशेष अभियान निर्धारित कार्यक्रम के तहत चलाया जा रहा है। इसमें प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक केंद्रों, सार्वजनिक परिवहन केंद्रों, रिंग रोड और आउटर रिंग रोड, शैक्षणिक एवं संस्थागत क्षेत्रों के साथ प्रमुख सार्वजनिक और आवासीय इलाकों को शामिल किया गया है।

निगम के अनुसार, यह अभियान नियमित सफाई व्यवस्था के अतिरिक्त चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रमुख सार्वजनिक मार्गों पर स्वच्छता बनाए रखने के साथ सड़कों की धूल कम करना और सफाई व्यवस्था को मजबूत करना है।
