नगर निगम के भ्रष्टाचार और लापरवाही का सिलसिला कब थमेगा? ज्वाला नगर में इमारत ढहने से दो की मौत, तीन साल की मासूम भी बनी शिकार

मलबे में दबकर छह लोग हुए घायल, दो ने तोड़ा दम; गरीब किरायेदारों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई कब? भवन निर्माण और सुरक्षा मानकों की निगरानी पर उठे गंभीर सवाल

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों की कार्यप्रणाली और भवन निर्माण से जुड़े नियमों की निगरानी एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शाहदरा के ज्वाला नगर में मंगलवार सुबह एक इमारत ढहने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महज तीन साल की मासूम बच्ची खुशबू भी शामिल है। हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी कब अपनी जिम्मेदारी समझेंगे और कब तक आम नागरिकों, खासकर गरीब मजदूरों और किरायेदारों की जिंदगी इस तरह खतरे में पड़ती रहेगी?

ज्वाला नगर की गली नंबर-6 में मंगलवार सुबह करीब 10:09 बजे एक इमारत अचानक ढह गई। हादसे के समय भवन में रह रहे छह लोग मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही विवेक विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कैट एंबुलेंस की मदद से बचाव अभियान चलाया गया। सभी छह लोगों को मलबे से निकालकर हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में तीन वर्षीय खुशबू और 30 वर्षीय पिंटू को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में लड्डू उर्फ देवांश (27), विकास (35), आकाश (25) और दिलीप उर्फ डिम्पा (22) घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग इमारत में किरायेदार के रूप में रह रहे थे। भवन का मालिक सुरेंद्र सिंह बताया गया है।भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच जरूरी.इस हादसे ने नगर निगम की भवन निर्माण अनुमति, अवैध निर्माण पर कार्रवाई और जर्जर इमारतों की पहचान करने वाली व्यवस्था की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। यदि भवन में निर्माण संबंधी अनियमितताएं थीं या सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी, तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। यह भी जांच होनी चाहिए कि संबंधित अधिकारियों ने भवन का निरीक्षण किया था या नहीं और किसी शिकायत के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

सवाल सिर्फ एक इमारत के ढहने का नहीं, बल्कि उस व्यवस्था का है जिसमें गरीब परिवार किराए के मकानों में अपनी जान जोखिम में डालकर रहने को मजबूर हैं। दो जिंदगियां खत्म हो गईं और एक परिवार की तीन साल की मासूम हमेशा के लिए दुनिया से चली गई। अब देखना यह है कि नगर निगम के अधिकारी इस हादसे को भी महज एक घटना मानकर फाइलों में दबा देते हैं या वास्तव में जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करते हैं।