दिल्ली लक्ष्मी योजना लागू करने में देरी गरीब महिलाओं के साथ विश्वासघात : नाज़िया दानिश

7.52 लाख आवेदनों में से सिर्फ 4,541 महिलाओं को मिला लाभ, 6.93 लाख आवेदन लंबित

नई दिल्ली, 20 नवंबर। कांग्रेस नेता नाज़िया दानिश ने दिल्ली लक्ष्मी योजना के क्रियान्वयन में देरी को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हर परिवार की एक महिला को प्रतिमाह 2,500 रुपये देने का वादा करने वाली भाजपा सरकार अब योजना को लागू करने में सुस्ती दिखा रही है। यह दिल्ली की गरीब और जरूरतमंद महिलाओं के साथ विश्वासघात है।

नाज़िया दानिश ने कहा कि 20 नवंबर 2026 को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, योजना के तहत 7,52,314 आवेदन प्राप्त हुए हैं, लेकिन इनमें से केवल 48,591 आवेदनों को मंजूरी मिली है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि अब तक सिर्फ 4,541 महिलाओं को ही योजना का लाभ मिल पाया है, जबकि लगभग 6.93 लाख आवेदन लंबित हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने 2025 के विधानसभा चुनाव में अपने संकल्प पत्र में महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये आर्थिक सहायता देने का वादा किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सरकार बनने के तुरंत बाद पहली कैबिनेट बैठक में योजना को मंजूरी देने का आश्वासन दिया था। इसके लिए बजट में 5,100 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया गया, लेकिन महिलाओं को अब तक इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है।

नाज़िया दानिश ने कहा कि सरकार आवेदन अधूरे होने और दस्तावेजों की कमी को देरी का कारण बता रही है, जबकि चुनाव के दौरान भाजपा ने महिलाओं के सामने ऐसी शर्तें नहीं रखी थीं। सरकार ने पात्रता के लिए कई नियम लागू कर बड़ी संख्या में महिलाओं को योजना से बाहर कर दिया है।उन्होंने कहा कि योजना के तहत 21 से 60 वर्ष की महिलाओं को पात्र माना गया है। इसके लिए कम से कम 10 साल से दिल्ली में निवास, मतदाता पहचान पत्र और परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये तक होने जैसी शर्तें रखी गई हैं। दिल्ली में 71 लाख से अधिक पंजीकृत महिला मतदाता होने के बावजूद योजना का लाभ बेहद कम महिलाओं तक पहुंचना चिंता का विषय है।

नाज़िया दानिश ने मांग की कि दिल्ली सरकार लंबित आवेदनों का शीघ्र निपटारा करे और सभी पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए।