रानी झलकारी बाई के बलिदान और वीरता को दिल्ली भाजपा ने किया नमन, जयंती पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित
हर्ष मल्होत्रा बोले—रानी झलकारी बाई भारतीय नारी शक्ति और स्वाभिमान की प्रतीक, उनका जीवन संकल्प और साहस की प्रेरणा
नई दिल्ली। वीरांगना रानी झलकारी बाई की जयंती पर रविवार को दिल्ली भाजपा कार्यालय में दिल्ली भाजपा अनुसूचित मोर्चा की ओर से श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिल्ली भाजपा के प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे और प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने सांसद कमलजीत सहरावत एवं अन्य प्रदेश पदाधिकारियों के साथ रानी झलकारी बाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष लाजपत राय ने की। इस दौरान विधायक अभय वर्मा और गजेंद्र यादव, प्रदेश पदाधिकारी विजय सोलंकी, सुमीत भसीन, अमित गुप्ता, मोर्चा पदाधिकारी लीला सिंह, रूपेश मेरा, राजकुमार चौटेला और विक्की कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि रानी झलकारी बाई भारतीय नारी शक्ति, साहस और स्वाभिमान की प्रतीक थीं। 1857 की क्रांति में उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई का रूप धारण कर अंग्रेजों से मुकाबला किया और देशभक्ति का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। साधारण परिवार में जन्म लेने के बावजूद उन्होंने अपने पराक्रम और दृढ़ संकल्प से इतिहास में अमिट स्थान बनाया। उनका जीवन संदेश देता है कि जाति और परिस्थितियां नहीं, बल्कि व्यक्ति का संकल्प और साहस उसे महान बनाता है। दिल्ली भाजपा उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सम्मान पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
दिल्ली भाजपा प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि रानी झलकारी बाई दलित समाज के गौरव और वीरता की अमर प्रतीक हैं। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अदम्य साहस का परिचय दिया। उनका जीवन प्रमाण है कि देशभक्ति किसी जाति, वर्ग या लिंग की सीमाओं में बंधी नहीं होती। उनका साहस आज भी युवाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। भाजपा बाबा साहेब और रानी झलकारी बाई के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सामाजिक समरसता और सबका साथ, सबका विकास के संकल्प को आगे बढ़ा रही है।
