चांदनी चौक नागरिक मंच ने कहा– मुख्यमंत्री ने असंभव को संभव कर दिखाया, दो दिन में पुरानी दिल्ली के दो प्रमुख इलाकों में हुई कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों को मिला सख्त संदेश
खारी बावली को अवैध कब्जों से कराया मुक्त, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का नागरिक मंच ने किया अभिनंदन
नई दिल्ली, 22 नवंबर। पुरानी दिल्ली को अवैध कब्जों से मुक्त कराने की दिशा में दिल्ली सरकार की कार्रवाई के बाद चांदनी चौक नागरिक मंच ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का अभिनंदन किया है। मंच के महासचिव एवं दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने खारी बावली को 30-40 साल पुराने स्थायी अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने असंभव को संभव कर दिखाया है।
मामले के अनुसार, 20 नवंबर को चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल के नेतृत्व में इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम की बैठक में पुरानी दिल्ली की समस्याएं उठाई गई थीं। बैठक में प्रवीण शंकर कपूर, निगम पार्षद सुमन कुमार गुप्ता और चांदनी चौक भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गर्ग ने चांदनी चौक, खारी बावली, स्टेशन रोड और पुल मिठाई सहित पूरे क्षेत्र में अवैध कब्जों और रिक्शों की समस्या का मुद्दा उठाते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बैठक में मौजूद पुलिस और दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद प्रशासन ने पहले पीली कोठी-पुल मिठाई क्षेत्र में और फिर खारी बावली में बुलडोजर कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे हटाए।
प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर दो दिनों में पुरानी दिल्ली के दो प्रमुख क्षेत्रों में अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। इससे अवैध कब्जा करने वालों को स्पष्ट संदेश गया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का संदेश स्पष्ट है कि खुद हट जाओ, वरना प्रशासन हटाएगा।
